Queensland Government
Department of Housing and Public Works
Home > About us > Publications about us > Publications in other languages > हिन्दी (Hindi) > आवासीय सहायता का प्रस्ताव

आवासीय सहायता का प्रस्ताव

 

यदि आपका नाम आवास रजिस्टर में दर्ज़ है, तो मकान उपलब्ध होने पर समुदायों का विभाग (आवास एवं बेघरों के लिए सेवाएं) [Department of Housing and Public Works] आपसे संपर्क करेगा। आपसे यह पूछा जाएगा कि क्या आप उस भवन में रहने जा सकते हैं, और यदि हां, तो आपको भवन के निरीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। इसे आवास का प्रस्ताव कहा जाता है। आपसे उम्मीद की जाती है कि आप इस प्रस्ताव को स्वीकार करेंगे।

आवास का प्रस्ताव पेश करने से पहले हम यह जानने के लिए आपसे संपर्क करेंगे कि क्या आप अभी भी आवासीय सहायता के लिए पात्र हैं। आपको विभाग के समक्ष अपनी घरेलू आय और संपत्ति का प्रमाण पेश करना होगा तथा विभाग को निम्नांकित जानकारियां भी देनी होंगी:

  • क्या आपके पास किसी भी प्रकार की पूर्ण या आंशिक सम्पत्ति, या चलंत अथवा परिवहनीय घर या लिव-ऐब्रोड बोट है
  • आपकी ऑस्ट्रेलियाई निवास की स्थिति में परिवर्तन तो नहीं हुआ है
  • क्या आपको या आपके घर के किसी सदस्य को आवास संबंधी कोई विशिष्ट आवश्यकता है, जिसे आपने विभाग को पहले नहीं बताया
  • क्या आपकी आवासीय जरूरत में कोई परिवर्तन हुआ है, और
  • क्या कोई ऐसा कारण है जिसकी वजह से आप आवास का प्रस्ताव स्वीकार नहीं कर सकते हैं, उदाहरण के लिए, आपने प्रायवेट फिक्स्ड-टर्म किरायेदारी अनुबंध स्वीकार कर लिया हो।

यदि किसी कारणवश मैं यह प्रस्ताव स्वीकार न कर सकूं, तो?

यदि आप प्रस्तावित मकान स्वीकार नहीं कर सकते हैं, तो इससे पहले कि हम आपको उस भवन का पता बताएं, आपको इस बात का स्वीकार्य कारण बताना होगा कि आप उसे स्वीकार क्यों नहीं कर सकते। आप यह प्रस्ताव स्वीकार क्यों नहीं कर सकते हैं, इसके लिए आपको प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।

आपकी परिस्थिति पर निर्भर करते हुए आपका आवेदन तबतक स्थगित रखा जा सकता है जबतक आप आवास का प्रस्ताव स्वीकार करने की स्थिति में नहीं आ जाते हैं। यदि आप अपना आवेदन अगले समय तक के लिए स्थगित कराना चाहते हैं, तो इस बारे में अपने सबसे नजदीकी आवास सेवा ऑफिस (Housing Services office) के साथ बात करें।

यदि मैं प्रस्ताव का उत्तर न दूं, तो?

यदि आप आवास के प्रस्ताव का उत्तर नहीं देंगे, तो हम उस पेशकश तथा आवासीय सहायता के लिए आपके आवेदन को रद्द कर देंगे। इस जानकारी के बारें में हम आपके पास एक पत्र भेजेंगे। यह बात महत्वपूर्ण है कि आप हमें अपने आवेदन में हुए किसी भी परिवर्तन के बारे में बताएं। और अधिक जानकारी आवासीय सहायता की प्रतीक्षा (Waiting for housing assistance) नामक तथ्य-पत्र में दी गई है।

मुझे भवन का प्रस्ताव कब दिया जाएगा?

जिन आवेदकों को मकान की आवश्यकता आपसे ज्यादा है, और जिन्हें आपके समान ही मकान की आवश्यकता है पर आपसे पहले आवेदन दिया था, उनके बाद ही आपके आवेदन पत्र को आवास रजिस्टर में दर्ज़ किया जाता है।

यदि मुझे मकान का प्रस्ताव दिया गया, तो वह कहां होगा?

यदि आपको मकान का प्रस्ताव दिया गया, तो वह उनमें से किसी भी क्षेत्र में हो सकता है जिनकी सूची आपने आवेदन-पत्र में आवासीय सहायता के लिए दी है।

यदि आवास रजिस्टर में आपका नाम माध्यमिक या निम्न आवासीय जरूरत वाले व्यक्तियों की सूची में डाला गया है, तो हम आपको सामाजिक आवास देने में असमर्थ रहेंगे और आप चाहें तो अन्य आवास विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। अन्य उपलब्ध आवासीय सहायता उत्पादों के लिए अपने सबसे नजदीकी आवास सेवा ऑफिस से बात करें।

मुझे किस प्रकार का भवन प्रस्तुत किया जाएगा?

आपको किसी भी प्रकार का (अर्थात डीटैच्ड होम या अपार्टमेंट) प्रस्तुत किया जाएगा जिसमें बेडरूमों की उतनी ही संख्या होगी जिसके लिए आप हकदार हैं। कुछ अपवाद लागू होते हैं, अत: विस्तृत विवरण के लिए अपने आवास सेवा कार्यालय के साथ बात करें। आवासीय हकदारियां (Housing Entitlements) नामक तथ्य-पत्र में उपलब्ध आवासों के प्रकारों का विवरण है।

क्या मैं भवन का निरीक्षण कर सकता/सकती हूं?

हां, हम आपको मकान की चाभी देंगे जिसे उसी दिन शाम 4 बजे से पहले हमें लौटा दिया जाना चाहिए। चाभियों को रात-भर अपने पास नहीं रखा जा सकता है।

यदि मैं मकान में प्रवेश करना चाहूं, तो मुझे क्या करना होगा?

जब आप चाभी लौटाने हमारे पास आएं, तो स्टाफ से बता दें कि आप मकान में रहने के लिए जाना चाहते हैं। हम आपके साथ एक मुलाकात तय करेंगे ताकि आप राज्य किरायेदारी अनुबंध (State Tenancy Agreement) पर हस्ताक्षर कर सकें।

क्या मैं प्रस्तावित मकान को लेने से मना कर सकता/सकती हूं?

हां, लेकिन सिर्फ तभी जब आपके पास स्वीकार्य कारण हों, जैसे:

  • मेडिकल एवं सहायता सेवाओं जैसी आवश्यक सेवाओं का दूर होना
  • रोजगार एवं शिक्षा संबंधी विशिष्ट जरूरतें

अपने मना करने के कारण के समर्थन में आपको प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा जा सकता है।

 

यदि मैं किसी अस्वीकार्य कारण से प्रस्तावित मकान को लेने के लिए मना कर दूं, तो क्या होगा?

यदि प्रस्ताव को स्वीकार न करने का आपके पास कोई स्वीकार्य कारण नहीं है, तो आपके आवेदन की तिथि उस तिथि में बदल दी जाएगी जब आपने प्रस्ताव को अस्वीकार किया और आपका आवेदन आवास रजिस्टर में सबसे नीचे चला जाएगा। फलस्वरूप, बहुत लंबे समय तक आपको मकान का अगला प्रस्ताव नहीं दिया जा सकेगा। मना करने के अस्वीकार्य कारणों में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • आप लकड़ी के बजाय ईंटो वाले मकान चाहते थे, या
  • आपको वह सड़क पसंद नहीं जहां वह मकान स्थित है

क्या मैं एक से ज्यादा बार मकान के प्रस्ताव से मना कर सकता/सकती हूं?

हां, लेकिन बिना किसी स्वीकार्य कारण के आपके द्वारा आवास के दो प्रस्ताव ठुकरा दिए जाने पर आवास रजिस्टर से आपका आवेदन हटा दिया जाएगा और आप अगले 12 महीनों तक आवेदन नहीं कर सकेंगे/सकेगी।

और अधिक जानकारी

कृपया अपने निकटतम आवास सेवा कार्यालय से संपर्क करें। ये तथ्य-पत्र भी देखें:

  • आवासीय सहायता की पात्रता (Eligibility for housing assistance)
  • आवासीय सहायता के लिए आवेदन देना (Applying for housing assistance)
  • आवासीय हकदारियां (Housing entitlements)।